Weather Forecast:पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम करवट बदलने वाला है। बीते कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण उत्तराखंड में सूखी ठंड पड़ रही है। हालात ये हैं कि जाड़ों में जो पहाड़ बर्फ से ढके रहते थे, वहां पर इन दिनों सूखा छाया हुआ है। बर्फ विहीन पहाड़ लोगों के लिए भी चिंता का विषय बन रहे हैं। राज्य के मैदानी इलाकों को घना कोहरा अपने आगोश में लिए हुए है। ठंड के मारे लोगों का हाल बेहाल हो चुका है। भीषण शीत दिवस के कारण लोग ठिठुरे हुए हैं। पर्वतीय इलाके भी भारी ठंड की चपेट में हैं। यहां सुबह पड़ रहा पाला परेशानिया बढ़ा रहा है। कल पर्वतीय इलाकों में बादल छाए थे, लेकिन बारिश नहीं हुई। आज पहाड़ों में गुनगुनी धूप खिली हुई है। आज पहाड़ों में इस सीजन का सर्वाधिक पाला गिरा हुआ है। इससे ठंड चरम पर है। आईएमडी के मुताबिक 27, 28 और 29 दिसंबर को समूचे राज्य में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से उत्तराखंड में 30 दिसंबर से मौसम करवट बदल सकता है। आईएमडी ने 30 दिसंबर से दो जनवरी तक राज्य के चार-पांच जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही चार दिन 32 सौ मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात की संभावना भी जाहिर की है।