Website Closed:विधान सभा की वेबसाइट पर मंत्रियों और विधायकों के नाम अचानक बदल जाने से अफसरों में भी हड़कंप मच गया। बता दें कि पिछले साल उत्तराखंड की सरकारी वेबसाइटों पर बड़ा साइबर हमला हुआ था। साइबर अटैक में एनआईसी से संबंधित सभी वेबसाइटें खराब हो गई थी। उस सबसे बड़े साइबर अटैक से राज्य में हड़कंप मच गया था। कई दिनों तक राज्य में ऑनलाइन सरकारी सेवाएं बाधित रहीं थी। इससे जनता को तमाम परेशानियां भी उठानी पड़ी थी। उस साइबर हमले के बाद से एनआईसी पूरे राज्य में सभी विभागों की वेबसाइट में नया सॉफ्टवेयर अपडेट कर रही है। इधर, बीते कुछ दिनों से विधान सभा की वेबसाइट को भी अपडेट करने का काम चल रहा है। इसी बीच विस की वेबसाइट पर अचानक मंत्रियों और कुछ विधायकों के नाम बदल गए। नाम बदलने की सूचना से सचिवालय में खलबली मच गई। मंत्रियों के बदले हुए नामों को लोगों ने सोशल मीडिया में पोस्ट करना शुरू कर दिया था। सचिवालय प्रशासन के संज्ञान में आते ही वेबसाइट को बंद कर दिया गया। विस सचिव हेमंत पंत ने साइट को बंद करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वेबसाइट को ठीक कराया जा रहा है, तब तक के लिए इसे बंद कर दिया गया है।