हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज सुबह के वक्त घना कोहरा छाया हुआ है। सोलन के बद्दी, बिलासपुर, मंडी, ऊना, हमीरपुर और पांवटा साहिब में कई जगह विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर गई है। खासकर बद्दी, भाखड़ा बांध के आसपास और बल्ह घाटी में इससे भी नीचे गिर गई है। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को ड्राइविंग में परेशानी हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले तीन दिन भी देर रात से सुबह 10 बजे तक मैदानी इलाकों में घने कोहरे का यलो अलर्ट दे रखा है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कोहरे की वजह से मैदानी इलाकों में सुबह-शाम और रात को खूब ठंड पड़ रही है, जबकि अमूमन ठंडे रहने वाले शिमला-कुफरी की रातें मैदानी इलाकों की तुलना में कम ठंडी है। मैदानी इलाकों में शिमला-कुफरी से ज्यादा ठंडी रातें शिमला का रात का पारा 9.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि ऊना में 6.6 डिग्री, सोलन में 7.0, कांगड़ा में 8.0, मंडी में 6.7, बिलासपुर में 8.0 डिग्री और हमीरपुर का पारा 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री का उछाल वहीं लंबे ड्राइ स्पेल की वजह से दिन का तापमान भी सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक हो गया है। प्रदेश के कई शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा हो गया है। कल्पा के अधिकतम तापमान में सामान्य से 6.3 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है। ठंडे शहर कल्पा का अधिकतम तापमान 14.3 डिग्री पहुंच गया है। 28-29 को बर्फबारी के आसार मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर जब तक अच्छी बारिश-बर्फबारी नहीं होती तब तक कोहरा लोगों को परेशान करता रहेगा। हिमाचल में नए साल से पहले 28 और 29 दिसंबर को बर्फबारी के आसार जरूर बन रहे हैं। मगर यह बर्फबारी प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले भागों में ही होने का पूर्वानुमान है। ज्यादातर भागों में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है।